एक दिन पहले लापता 18 वर्षीय युवक का शव बगल में स्थित पानी से भरे कुएँ में उतराता हुआ मिला
रेवतीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवतीपुर गाँव की शुकुल टोली में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दिन पहले लापता 18 वर्षीय गोविंद शुक्ला का शव बगल में स्थित पानी से भरे कुएँ में उतराता हुआ मिला। शव दिखते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
युवक का शव कुएँ में मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार और कोहराम मच गया। वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे शव को कुएँ से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसकी जेब से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन छानबीन में जुटी हुई है।
मृतक के पिता जयशंकर शुक्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके तीन पुत्र हैं, जिनमें गोविंद सबसे बड़ा था और वह कक्षा 10 का छात्र था। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले गोविंद गाँव के मंदिर में पूजा के लिए फूल तोड़ने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
पिता ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक की माता रेनू शुक्ला सहित पूरा परिवार सदमे में है। जयशंकर शुक्ला स्वयं कामाख्या धाम मंदिर में पुजारी हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को अंदर से तोड़ कर रख दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



